पांच लाख के इनामिया साहून मेव को पकड़ने में नाकाम रही मथुरा पुलिस अब उसे बी-वारंट पर लाने में असफल दिख रही है। हरियाणा पुलिस ने नूहं से पकड़कर बाजी मार ली थी। दो माह बीतने के बाद भी दिल्ली की तिहाड़ जेल से कुख्यात को आजतक मथुरा नहीं लाया जा सका है। पुलिस दावा जरूर कर रही है कि जल्द उसे बी-वारंट पर मथुरा लाया जाएगा।
सात राज्यों से पांच लाख का इनामिया विशंभरा निवासी साहून मेव पुत्र रहमान मेव को पकड़ने के लिए मथुरा पुलिस ने कई बार दबिशें दी, पर वह पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका। आखिर में मथुरा पुलिस के डर से कुख्यात साहून ने हरियाणा के नूहं में शरण ले ली थी। आखिरकार आठ नवंबर 2017 को हरियाणा पुलिस ने नूहं से कुख्यात को गिरफ्तार किया तो मथुरा पुलिस हाथ मलती रह गई। मथुरा पुलिस ने खूब दौड़ भाग तो की पर आजतक साहून के बी-वारंट हासिल नहीं कर सकी है। यह मान लिया जाए कि एक बार फिर पुलिस ने कुख्यात के मामले में गिरफ्तारी जैसी हीलाहवाली बरती। करीब दो माह बीत चुके हैं पर आजतक साहून बी-वारंट पर मथुरा नहीं लाया जा सका। शेरगढ़ थाना प्रभारी रामेंद्र शुक्ला ने बताया कि बी-वारंट मिलने के बाद उसे जल्द मथुरा लाया जाएगा।
साहून पर यहां हैं दर्ज मुकदमे
कुख्यात साहून पर मथुरा जनपद के शेरगढ़, छाता, रिफाइनरी, हाईवे, वृंदावन, फीरोजाबाद के टूंडला, आगरा के मल्लपुरा और सिकंदरा, राजस्थान के मेंहदीपुर, राजनगर, जयपुर, अजमेर, पहाड़ी (भरतपुर), सेवर, नसीराबाद, दिल्ली के सीता बिहार, अंबेडकर नगर, लाजपत नगर, हरियाणा के हथीन (मेवात) थानों में मुकदमे दर्ज हैं। यह मुकदमे हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, वाहन लूट, डकैती, अपहरण के देश के सात राज्यों में अलग-अलग जनपदों में दर्ज हैं।