मैनपुरी। मैनपुरी क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में नगर के क्रिश्चियन मैदान पर चल रही महाराजा तेज सिंह मेमोरियल ऑल यूपी क्रिकेट प्रतियोगिता के विजेता कप पर आगरा ने कब्जा कर लिया। फाइनल मुकाबले में आगरा ने फिरोजाबाद को आठ विकेट से हराकर प्रतियोगिता अपने नाम की।
मुख्य अतिथि डीएम प्रदीप कुमार ने विजेता और उपविजेता दोनों टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। फाइनल मैच में फिरोजाबाद ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। निर्धारित 30 ओवर के मैच में फिरोजाबाद की पूरी टीम 23 ओवर में 96 रन पर आउट हो गई। फिरोजाबाद की ओर से कामरान ने नाबाद 23, अमर पोरवाल ने 21 व यादवेंद्र ने 13 रन बनाए।
आगरा के गेंदबाज शाहरुख खान, देवेंद्र ने तीन-तीन विकेट लिए। जीत के लिए 97 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आगरा ने 13.2 ओवर में दो विकेट खोकर आसानी से जीत हासिल कर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया।
आगरा की ओर से राजीव कुमार ने 51, कप्तान मानिक बेरी ने 25 रन की पारी खेली। फिरोजाबाद के गेंदबाज विश्वदीप ने दो विकेट लिए। डीएम प्रदीप कुमार ने विजेता टीम के कप्तान को विजेता ट्रॉफी, 30 हजार रुपये, स्व0 एजी दास की स्मृति में एवं उपविजेता टीम के कप्तान को उपविजेता ट्रॉफी, 20 हजार रुपये स्व, रामप्रताप सिंह की स्मृति में दिए।
मैन ऑफ द मैच राजीव लारा को लक्की ठाकुर की स्मृति में दिया। वहीं बेस्ट बॉलर का पुरस्कार नीरज कश्यप, बेस्ट बल्लेबाज का पुरस्कार ध्रुव को दिया। फाइनल मैच के पुरस्कार स्व, धीरेंद्रपाल सिंह की स्मृति में दिए गए।
इस अवसर पर पूर्व विधायक अशोक सिंह चौहान, दीपक दास, डा. सौरभ मिश्रा, श्यामू चौहान, सचिन चौहान, प्रशांत मिश्रा, बंटी ठाकुर, बंटी पांडेय, क्रीड़ाधिकारी केपी सिंह, घनश्याम दास गुप्ता आदि मौजूद रहे।