आगरा। दिवाली मेले को सुरक्षा कारणों से अनुमति नहीं देने वाला छावनी प्रशासन सदर बाजार में क्रिसमस और नव वर्ष मेला आयोजित करेगा।
24 दिसंबर से तीन जनवरी तक लगाए जाने वाले इस मेले में झूले और खानपान के स्टाल भी लगाए जाएंगे। छावनी परिषद प्रशासन ने इसके लिए स्टाल और झूले लगाने वालों से आवेदन मांगे हैं।
सदर बाजार में स्थानीय लोगों और देसी विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए क्रिसमस और नव वर्ष का जश्न मनाने के लिए छावनी प्रशासन सजावट कराएगा। बाजार की रौनक बढ़ाने को 24 दिसंबर से तीन जनवरी तक यहां झूले और खानपान के स्टाल भी लगाए जाएंगे।
इसके लिए छावनी प्रशासन ने दो झूले और चार स्टाल लगाने की बात कही है। इस बाबत दुकानदारों से आवेदन भी मांगे हैं। दूसरी ओर, छावनी प्रशासन दो साल से सदर बाजार में दुकानदारों को दिवाली मेला लगाने की इजाजत नहीं दे रहा है।
इस दिवाली पर भी दुकानदारों को केवल सजावट करने की इजाजत दी गई थी। इस संबंध में सदर बाजार ट्रेडर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि उन्होंने छावनी प्रशासन को अवगत कराया है कि पार्किंग में झूले और स्टाल लगाए जाने से दुकानदारों को परेशानी पैदा होगी।
उन्होंने मांग की है कि झूले इत्यादि स्टेडियम के पीछे शापिंग आर्केड में लगवाए जाएंगे। सचिव अंकित गर्ग ने बताया कि उन्होंने इस बाबत सीईओ को पत्र देकर सदर बाजार की पार्किंग में झूले लगाने पर एतराज जताया है।