कुरावली (मैनपुरी)। गांव देवीनगर में मंगलवार रात को एक कच्चे मकान में लगी आग में मजदूर की जिंदा जल कर मौत हो गई। ग्रामीण आग पर काबू नहीं पा सके। सूचना मिलने के बाद पहुंचे दमकलकर्मियों ने आग पर काबू किया। सूचना पर पहुुंची पुलिस ने शव को सील कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना क्षेत्र के गांव देवीनगर निवासी रामजी लाल (45) मेहनत मजदूरी कर पत्नी व पांच बच्चों का भरण पोषण कर रहा था। मंगलवार को थाना कोतवाली क्षेत्र के नगला रते स्थित ससुराल में शादी कार्यक्रम था। पत्नी और पांचों बच्चे शादी समारोह में शामिल होने गए हुए थे। रात को घर पर रामजी लाल और उसकी वृद्ध मां रामबेटी ही मौजूद थे। रात को खाना खाने के बाद मां-बेटे कमरों में सोने चले गए थे।
रात करीब 11 बजे रामजी के कमरे से आग की लपटें व धुआं निकलता देख रामबेटी जाग गईं और शोर मचाने लगी। मौके पर पहुंचे लोगों ने आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। मगर आग काबू में नहीं आ सकी। सूचना मिलने के बाद पहुंची दमकल के कर्मियों ने काफी देर मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। मगर तब तक रामजी लाल की जल कर मौत हो चुकी थी।
ग्रामीणों ने वृद्ध मां को सुरक्षित बाहर निकाल लिया था। बुधवार सुबह एसडीएम शिवप्रताप ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। मौका मुआयना कर जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी है।