द्वारिकापुरी में सेवानिर्वत्त पुलिस एसआई के आवास में हुई चोरी की घटना के बाद बिखरा पड़ा सामान
एटा। ताला लगाकर आगरा दवा लेने गए रिटायर्ड एसआई के घर से चोर 22 तोले सोने के आभूषण और एक लाख 82 हजार रुपये की नगदी चोरी करके ले गए। इसकी रिपोर्ट पीड़ित एसआई ने कोतवाली नगर में दर्ज कराई है। पुलिस जांच कर बदमाशों का पता लगा रही है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहल्ला द्वारिकापुरी निवासी रामनाथ यादव मकान का ताला लगाकर आगरा दवा लेने के लिए गए थे। उसी समय रात को चोरों ने घर में लगे ताले तोड़ दिए। घर के अंदर घुसे चोर 22 तोला सोने के आभूषण, तीन सौ ग्राम चांदी के जेवरात के साथ ही एक लाख 82 हजार रुपये की नगदी, एलईडी आदि सामान चोरी करके ले गए।
इसकी जानकारी सुबह मोहल्ले के लोगों ने फोन पर एसआई को दी। सूचना पाकर रिटायर्ड एसआई और उसके परिवारीजन मौके पर पहुंच गए और घटना से इलाका पुलिस को अवगत कराया। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का देखते हुए आसपास के लोगों से मामले की जानकारी की। मामले की रिपोर्ट पीड़ित सेवानिवृत्त एसआई ने कोतवाली नगर में अज्ञात चोरों के खिलाफ दर्ज कराई है।