गांव मानसाहपुर में दवा की दुकान पर छापामारी के दौरान सेंपिल लेते अधिकारी
एटा। जिले में प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री पर रोक लगाने के लिए औषधि प्रशासन विभाग ने मंगलवार को रिजोर थाना क्षेत्र के गांव मान शाहपुर में छापेमारी की।
इस दौरान मेडिकल स्टोर पर प्रतिबंधित ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन और दवा मिलीं। साथ ही मेडिकल स्टोर संचालक लाइसेंस नहीं दिखा सका। औषधि निरीक्षक ने दवाओं की सीज कर प्रयोगशाला भेजा है।
औषधि निरीक्षक आशुतोष चौबे ने मंगलवार को रिजोर थाना क्षेत्र के गांव मान शाहपुर में नंदिनी मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। इस दौरान दुकान पर प्रतिबंधित ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन और बीसीफेज-500 टेबलेट बरामद की गई। उन्होंने प्रतिबंधित दवाओं को सीज किया।
साथ ही मेडिकल स्टोर संचालक पवन कुमार पुत्र बौराम निवासी गांव घमौरिया से लाइसेंस मांगा, लेकिन दुकान स्वामी लाइसेंस नहीं दिखा सका। औषधि निरीक्षक आशुतोष चौबे ने बताया कि प्रतिबंधित दवाओं को सीज कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। दवाओं की कीमत 18 हजार रुपये है। मेडिकल स्टोर संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।