मांट(मथुरा)। एक्सप्रेसवे पर मंगलवार शाम मांट के समीप चलती बस पर युवकों ने पथराव किया। इस पथराव में आधा दर्जन सवारियां घायल हो गईं। यह युवाआगरा में चल रही सेना भर्ती में भाग लेने जा रहे थे। बस न रुकने पर युवकों ने पथराव किया। सूचना पर मांट पुलिस ने युवकों की तलाश की पर कोई हत्थे नहीं चढ़ा।
आगरा में चल रही सेना भर्ती में भाग लेने जा रहे दो दर्जन युवक एक्सप्रेसवे पर नौहझील के समीप बस का इंतजार कर रहे थे। यह सभी युवा आगरा में चल रही भर्ती में भाग लेने जा रहे थे। नोएडा की तरफ से आ रही प्राइवेट बस को युवकों ने रुकने का इशारा किया। बस नहीं रुकी। पीछे आ रही दूसरी बस में यह सभी युवक सवार हो गए। हाथों में ईंट-पत्थर लिए युवकों ने बराबर में आई पहली बस पर पथराव कर डाला। पथराव होते ही सवारियों में चीख-पुकार मच गई। सवारियों से भरी बस एक्सप्रेसवे पर रुक गई। युवकों से भरी बस आगे निकल गई। टोल पर बस के चालक ने शिकायत दर्ज कराई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने बस सवार युवकों की तलाश की पर कोई भी हत्थे नहीं चढ़ा। घायल सवारियों को प्राथमिक उपचार कराकर घर भेजा। हालांकि सीओ मांट राकेश कुमार का कहना है कि बस पर पथराव अलीगढ़ क्षेत्र में हुआ है। मांट और नौहझील में कोई पथराव नहीं किया। कोई तहरीर भी नहीं आई है।