मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास कालोनी निवासी एक शिक्षिका से पुलिस की वर्दी पहने लुटेरों ने जेवर लूट लिए। चीख पुकार सुनकर जब लोग घटनास्थल की ओर दौडे़। मगर तब तक लुटेरे वहां से भाग गए थे। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास कालोनी पानी की टंकी के समीप निवासी शोभा मिश्रा गंगा सहाय इंटर कालेज में शिक्षिका हैं। बुधवार को वह छुट्टी के बाद रिक्शे से घर जा रहीं थीं। जब रिक्शा डीएवी स्कूल जाने वाली गली के समीप पहुंचा तभी पीछे से पुलिस की वर्दी में दो लोगों ने रिक्शा रुकवा लिया। शिक्षिका से कहा कि कोतवाली से आवाज लगा रहे हैं। मगर आप रुकीं नहीं। आगे चेकिंग चल रही है जेवर को उतार कर बैग में रख लो।
शिक्षिका ने जेवर उतारने से इंकार किया तो दोनों युवकों ने कहा कि चुनाव का समय है। जेवर को संभाल कर रख लीजिए। शिक्षिका ने दोनों युवकों को सिपाही समझ कर चार सोने की चूड़ी, एक अंगूठी और टप्स बैग में रखे। तभी बाइक सवार लुटेरे बैग लूट कर भाग गए। महिला ने जब तक शोर मचाया तब तक लुटेरे काफी दूर निकल चुके थे। पीड़िता ने थाने में तहरीर दी। पुलिस की वर्दी पहने लुटेरों की बात सामने आने के बाद पुलिस मामले की जांच जुट गई है।