फिरोजाबाद/टूंडला। बुधवार सायं कानपुर रेलखंड पर टूंडला स्टेशन से निकलने के बाद बाड़मेर-गुवहाटी एक्सप्रेस के इंजन फेल हो गया। सूचना पर ट्रेन को हिरनगांव स्टेशन ले जाया गया। जहां करीब ढाई घंटे बाद ट्रेन में दूसरा इंजन लगाकर रवाना किया गया। इस दौरान ट्रेन में सवार रेलयात्री परेशान रहे।
बाड़मेर से चलकर गुवहाटी जाने वाली स्पेशल ट्रेन 15631 बुधवार सायं 3.50 बजे करीब टूंडला रेलवे स्टेेशन से चली थी। टूंडला से चलने के कुछ देर बाद इंजन में तकनीकी खराबी आ गई। इसके चलते ट्रेन स्पीड नहीं पकड़ पा रही थी। रेल चालक ने तत्काल नियंत्रण कक्ष को जानकारी देकर तकनीकी खराबी को दूर करने का प्रयास किया।
नियंत्रण कक्ष ने ट्रेन अगले स्टेशन हिरनगांव की लूप लाइन में खड़ा कर संबंधित विभाग से इंजन की खराबी दूर कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। नियंत्रण कक्ष के निर्देश पर सायं 6.15 बजे करीब टूंडला दूसरा इंजन भेजा गया। तब जाकर ट्रेन करीब ढाई घंटे बाद रवाना हुई। इस दौरान मैन लाइन से ट्रेनों को आवागमन सुचारू रहा। वहीं ट्रेन में सवार सैकड़ों रेलयात्रियों को ढाई घंटे रुकने से परेशानी का सामना करना पड़ा।