फिरोजाबाद। समाजवादी पेंशन योजना (वर्तमान में राज्य पेंशन योजना) के तहत मृतकों के खातों में पहुंची धनराशि की समाज कल्याण विभाग रिकवरी कराएगा। वहीं चयनित हुए अपात्रों की दोबारा जांच कराई जाएगी। जांच में अपात्र घोषित होने के बाद लाभार्थी से धनराशि की रिकवरी कराई जाएगी।
सपा सरकार ने अपने कार्यकाल में समाजवादी पेंशन के नाम से महत्वाकांक्षी योजना शुरू की थी। योजना में चिह्नित पात्रों 500 रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जानी थी। इसके तहत जिले में 55,720 लाभार्थियों का चयन कर पेंशन की किस्त तिमाही दी जाती थी। जिले में करीब तीन किस्तें जारी हो गईं हैं। प्रदेश में सत्ता परिवर्तन होते ही योगी आदित्यनाथ की सरकार ने समाजवादी पेंशन योजना के लाभार्थियों की पात्रता की जांच कराने का फैसला लिया।
समाज कल्याण विभाग ने एसडीएम, लेखपाल, ग्राम पंचायत अधिकारी से पात्रों की जांच कराई गई। जांच में 303 मृतक लाभार्थी के खातों में पेशन जा रही थी। विभाग ने लीड बैंक प्रबंधक को पत्र लिखा है। जिसमें मृतकों के खातों में पहुंची पेंशन योजना की धनराशि रिकवरी करने के आदेश दिए हैं। वहीं अपात्र पाए गए 2,378 लाभार्थियों की दोबारा जांच कराई जाएगी। विभाग जानेगा किस आधार पर यह फर्जी हैं। अगर यह फिर भी अपात्र निकले तो विभाग अब तक पहुंची पेंशन धनराशि की रिकवरी करेगा।