मैनपुरी। जनपद में डेंगू का भय एक बार फिर से तेज हो गया है। डेंगू से पीड़ित एक युवक की दिल्ली एम्स में उपचार के दौरान मौत हो गई। जबकि उसी परिवार में दो अन्य युवकों में भी डेंगू के लक्षण मिले हैं। इसके अतिरिक्त नगर क्षेत्र में भी दो युवकों में डेंगू के लक्षण मिले हैं।
थाना दन्नाहार क्षेत्र के गांव कासगंज के निवासी 43 वर्षीय कश्मीर सिंह पुत्र खूब सिंह को 15 दिनों से बुखार आ रहा था। डेंगू के लक्षण मिलने पर परिजनों ने उन्हें एम्स में भर्ती कराया था, जहां रविवार की रात उपचार के दौरान कश्मीर की मौत हो गई। कश्मीर के भाई बहादुर के पुत्र संजीव कुमार व प्रदीप कुमार को भी बुखार आ रहा है।
संजीव का आगरा में उपचार चल रहा है जबकि प्रदीप को भी आगरा भेजा गया है। एक ही परिवार में डेंगू के तीन मरीज मिलने से गांव में हड़कंप है। इसके अतिरिक्त नगर के मोहल्ला गौतमबुद्ध इंटर कालेज के निकट निवासी नरेंद्र सिंह शाक्य के 22 वर्षीय पुत्र पीयूष शाक्य में भी डेंगू के लक्षण मिले हैं। परिजन उसका एक निजी अस्पताल में उपचार करा रहे हैं। नगर के करहल रोड राधा कृष्ण का हाता निवासी हरीशंकर यादव के पुत्र आशीष यादव में भी डेंगू के लक्षण मिले हैं। परिजन उसका एक निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे हैं।
अब तक पांच मरीजों की डेंगू से हो चुकी है मौत
मैनपुरी। जनपद में एक महीने में डेंगू से पीड़ित मरीजों की संख्या 60 से अधिक पहुंच चुकी है। इस दौरान पांच लोगों की मौत भी हो चुकी है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग इन आंकड़ों को मानने को तैयार नहीं है। हकीकत यह है कि जनपद में डेंगू के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
डेंगू के लक्षण
- डेंगू के लक्षण तीन से 14 दिन बाद दिखते हैं।
- तेज ठंड लगकर बुखार आता है।
- सिर और आखों में दर्द होता है।
- शरीर और जोड़ों में दर्द होता है ।
- भूख कम लगती है।
- जी मचलने के साथ उल्टी और दस्त आने लगते हैं।
- चमड़ी के नीचे लाल धब़्बे आने शुरू हो जाते हैं ।
बचाव के उपाय
- घर के अंदर आसपास में पानी जमा न होने दें
- नीम की पत्तियों का धुआं घर में फैलाएं
- पानी के सभी वर्तनों को खुला न रखें।
- किचने और बाथरूम को सूखा रखें ।
- कूलर का पानी सुबह-शाम बदलते रहें।
- खिड़कियों और दरवाजों में जाली लगवाएं।
- शरीर पूरी तरह से ढकने वाले कपड़े पहनें ।