एटा। जिला कारागार में निरुद्ध आजीवन कारावास के सजायाफ्ता कैदी बंटी को डेंगू हो गया। जानकारी पर जेल अधीक्षक ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इससे पहले जेल में बंद एक और बंदी डेंगू से पीड़ित हो चुका है।
थाना राजा का रामपुर क्षेत्र के गांव बरईपुर निवासी बंटी पुत्र राजवीर जिला कारागार में हत्या के मामले में निरुद्ध है। हत्या के जुर्म में उसे आजीवन कारावास की सजा हो चुकी है। विगत चार दिन पहले उसकी तबियत बिगड़ गई। इस पर उसे जिला कारागार स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसमें डेंगू की पुष्टि की। इस पर जेल अधीक्षक पीपी सिंह ने बंटी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
इससे पहले जिला कारागार में बंद पुष्पेंद्र निवासी सवापुर निधौलीकलां भी डेंगू की बीमारी से ग्रसित हो चुका है। इसका भी जिला अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। जेल अधीक्षक पीपीसिंह ने बताया कि जेल में बंद दो लोगों को डेंगू की बीमारी हुई है। जेल में लगातार फोगिंग सहित अन्य मच्छर रोधी दवाओं को छिड़काव कराया जा रहा है।
जिला अस्पताल में बनाया गया हैं डेंगू वार्ड
डेंगू के बढ़ते प्रकोप को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने जिला अस्पताल में डेंगू वार्ड भी बना दिया है। यहां अस्पताल आने वाले मरीजों को भर्ती किया जा रहा है। यह बात अलग है कि ज्यादातर डेंगू मरीज ज्यादातर इलाज के लिए बाहर ही चले जाते हैं।