सोरों। ग्राम बसंत नगर में शौचालय के लिए बनाए गए पानी से भरे टैंक में ढाई वर्ष के मासूम की गिरकर मौत हो गईं। मासूम की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
गांव निवासी रामकिशन का ढाई वर्षीय पुत्र संस्कार शुक्रवार को घर के बाहर बने चबूतरे पर खेल रहा था। तभी वह पास के बने शौचालय के टैंक तक पहुंच गया। टैंक लगभग 10 फुट गहरा था और इसमें पानी भरा था।
खेलते हुए मासूम टैंक में गिर गया। काफी देर तक मासूम के नहीं मिलने पर परिवारीजनों ने उसकी तलाश की लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। शुक्रवार देर शाम मासूम का शव टैंक में उतराता नजर आया।
घटना की जानकारी पर परिवारीजनों में कोहराम मच गया। शव को टैंक से बाहर निकाला गया। शनिवार सुबह गमगीन माहौल में मासूम का अंतिम संस्कार किया गया।