एटा। एक ही भवन में बिना मान्यता के संचालित चार विद्यालयों की शिकायत गुरुवार को ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से की है। आरोप है कि विभागीय मिलीभगत से चल रहे इन अमान्य विद्यालयों में मानकों का भी पालन नहीं किया जा रहा।
शासन प्रशासन के निर्देशों के बाद भी जिले में अमान्य एवं अनाधिकृत स्कूलों पर लगाम नहीं लग पा रही है। ऐसा ही एक मामला सकीट विकास खंड क्षेत्र का संज्ञान में आया है। मलावन थाना क्षेत्र के गांव सलेमपुर खेड़िया निवासी कीर्तिमान सहित दर्जनों ग्रामीणों ने जिलाधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आदि को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया है कि श्रीमती कपूरी देवी रक्षपाल सिंह इंटर कालेज, चौ. मुलायम सिंह यादव इंटर कालेज, सुभाष चंद्र मेमोरियल पब्लिक स्कूल एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एक ही भवन में संचालित हैं।
शिकायतकर्ता के अनुसार बिना मान्यता के संचालित इन विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा आदि मानकों की भी ठेंगा दिखाया जा रहा है। इसे लेकर पूर्व में भी पांच बार शिकायत की जा चुकी है लेकिन विभागीय मिलीभगत से इस पर कोई कार्रवाई नहीं हो पा रही है। बताते चलें कि विगत दिनों जिले में चिन्हत 90 से अधिक स्कूलों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की गई थी।