मथुरा। ग्रामीण हत्या करने के बाद वर्ष 2009 से फरार चल रहे पांच हजार के इनामी बदमाश बच्चू सिंह को शेरगढ़ पुलिस और स्वाट टीम ने शुक्रवार शाम को दबोच लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से हथियार और कारतूस बरामद किए हैं।
शेरगढ़ के गांव खुर्शी में वर्ष 2009 में रतिराम के भाई की हत्या करके बच्चू सिंह फरार हो गया था। तमाम प्रयास के बाद भी पुलिस उसे पकड़ नहीं पाई तो एसएसपी ने उस पर पांच हजार का इनाम घोषित किया था। पुलिस लाइन सभागार में एसपी देहात आदित्य शुक्ला ने बताया कि शेरगढ़ थाना प्रभारी प्रवीन सिंह मान और स्वाट टीम प्रभारी हरवेंद्र मिश्रा ने पांच हजार के इनामिया बच्चू सिंह को पकड़ा है। बदमाश के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट शेरगढ़ और साल 2011 में धोखाधड़ी का मुकदमा कोतवाली छाता में दर्ज है।