थाने का घेराव करते हिंदूवादी संगठन।
- फोटो : अमर उजाला
शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। थाना क्षेत्र के गांव बोझिया में एक आश्रम पर छापा मारकर पुलिस ने एक साधु वेशधारी को नशीले पदार्थ के गिरफ्तार करने का दाबा किया है। इधर गांव वालों और हिंदूवादी संगठन के लोगों ने साधु वेशधारी की गिरफ्तारी के विरोध में थाने का घेराव कर लिया और साधु वेशधारी को छोड़ने के लिए दबाव बनाया। उनका कहना है कि आश्रम पर कब्जा करने के इरादे से एक भू माफिया के इशारे पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
बताए अनुसार गांव बोझिया में एक आश्रम कई वर्षों से बाबा कन्हीनाथ रह रहे थे। कई भूमाफिया की नजर आश्रम की जमीन पर लगी हुई है। इन्होंने कई बार आश्रम की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने का प्रयास भी किया है। ग्रामीणों के सहयोग से बाबा आश्रम की जमीन को बचाए हुए थे।
बुधवार को थाना पुलिस ने आश्रम पर छापा मारकर बाबा को गिरफ्तार कर लिया और आश्रम में उनकी कुटिया की तलाशी ली। इसमें करीब दो किलो गांजा मिला। इस पर पुलिस साधु वेशधारी को थाने ले गई। इधर, बाबा की गिरफ्तारी की खबर मिलने पर रात में ही बोझिया के लगभग 50 महिला-पुरुष थाने पहुंचे और बाबा को निर्दोष बताने लगे। पुलिस ने सभी को खदेड़ दिया। सुबह बजरंग दल और हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं को बाबा की गिरफ्तारी का पता चला तो वह थाने पहुंच गए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर बाबा को छोड़ने की मांग की। थाने का घेराव करने वालों में बजरंग दल के जिला संयोजक संतोष कुमार वशिष्ठ, नगर सुरक्षा प्रमुख धर्मेंद्र वाल्मीकि, राहुल, रिंकू, अभिषेक, बाबू, जीतू और गांव निवासी राधानाथ, वीरेंद्र सिंह, हाकिम सिंह, सतेंद्र, कलावती के साथ ही हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता भी शामिल रहे।
एसओ ऊदल सिंह ने बताया उन्हें साधु वेशधारी द्वारा गांजा बेचने की सूचना मिली थी। उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लाकर बुधवार शाम दबिश दी गई। बाबा को दो किलो गांजे के साथ गिरफ्तार किया गया है। अपराध को छुपाने के लिए इस मामले को जमीन के मामले से जोड़ा जा रहा है।