दन्नाहार (मैनपुरी)। थाना कुरावली क्षेत्र के गांव नगला मिंते निवासी युवक का शव मंगलवार की सुबह रेलवे ट्रेक से करीब 10 फीट दूर पड़ा मिला। इस दौरान उसका एक पैर भी कटकर गायब था, जो तलाशने के बाद भी नहीं मिला। पुलिस युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई मान रही है, लेकिन परिवारीजन ऐसा होना मानने को तैयार नहीं हैं।
थाना कुरावली क्षेत्र के गांव नगला मिंते निवासी नीरज कुमार (26) डीसीएम चलाता था। सोमवार की शाम वह थाना दन्नाहार क्षेत्र के गांव नगला आशा निवासी मौसा राजेंद्र सिंह के घर गया था। वह शराब के नशे में था और लोगों के साथ अभद्रता करने लगा। उसकी हरकत को देखकर लोगों ने उसे डांट दिया जिसके बाद वह चला गया।
मंगलवार सुबह नीरज का शव गांव नगला कोड़र के समीप रेलवे ट्रैक से करीब 10 फीट की दूरी पर मिला। घरवालों उसकी मौत की वजह से संदिग्ध बता रहे है। थानाध्यक्ष का कहना है कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।