शिकोहाबाद। जल निगम की पेयजल टंकियों और भूमिगत टंकी के निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है। भाजपा विधायक ने शुक्रवार को मौके पर पहुंचकर इसका भांडा फोड़ दिया। ठेके दार रेता चिनाई करा रहा था।
धोखा देने के लिए रेता के ऊपर चंबल बालू की एक परत डलवा दी थी। नगम नगर में आठ बड़ी पेयजल टंकियों का निर्माण करा रहा है।
विधायक डॉ. मुकेश वर्मा शाम को भाजपाइयों के साथ नौसेहरा स्थित निर्माणाधीन दो टंकियों का निरीक्षण करने पहुंचे।
यहां दोयम दर्जे की ईंट लगाई जा रही थीं। चंबल बालू की जगह रेता का प्रयोग हो रहा था। मानकों का बोर्ड भी नहीं लगा था। रेता को छिपाने के लिए उसके ऊपर चंबल बालू डाल रखी थी। संदेह होने पर जब विधायक ने ऊपर पड़ी चंबल की बालू को हटवा कर देखा तो उसके नीचे रेता की ढेरी लगी हुई थी।
विधायक ने कहा कि लखनऊ में पार्टी के उच्च पदाधिकारियों के संज्ञान में लाकर कार्यदायी संस्था के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी। भुगतान पर रोक लगवाई जाएगी । विधायक के साथ मुन्नालाल यादव, बीएल यादव, सतीश चंद्र यादव, लखपति बघेल, ब्रजेश यादव उर्फ बाजा, रिंकू शर्मा, महेश कठेरिया और देव यादव आदि मौजूद रहे।
जांच में दोषी मिलने पर होगी कार्रवाई
इस मामले में अधिशाषी अभियंता जल निगम राकेश शर्मा का कहना है कि निर्माण कार्य मानके के अनुरूप ही कराया जा रहा है। अगर विधायक को निरीक्षण के दौरान कोई कमियां मिली हैं, तो पूरे मामले की जांच कराकर संबंधित ठेकेदार और जेई के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।