टूंडला (फिरोजाबाद)। थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी राजा का ताल क्षेत्र में एक पखवाड़े पूर्व एक अज्ञात महिला की हत्या का अभी तक खुलासा नहीं हुुआ था कि हत्यारों ने एक अज्ञात युवक की और हत्या कर दी। युवक की भी गला दबाकर हत्या की गयी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गांव जरौली खुर्द के ग्रामीण रविवार सुबह खेतों की ओर निकले तो रेलवे लाइन के पास एक खेत में युवक का शव दिखा। जानकारी मिलने पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गयी। सूचना मिलने पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया लेकिनउसकी पहचान नहीं हो सकी। युवक के पास से कोई भी पहचान के लिए नहीं मिला।
युवक के गले पर निशान थे तथा नाक व मुंह से खून निकल रहा था। मृतक की उम्र करीब 45 की थी। वह नीली जींस, नीले व सफेद रंग की चेक कलर की शर्ट तथा काले स्पोर्ट शूज पहने था। शिनाख्त न होने पर पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया। थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि युवक की अन्यत्र हत्या कर शव को फेंका गया है। मृतक की पहचान होने के बाद ही हत्या का राज खुल सकेगा।
थाने की पुलिस चौकी राजा का ताल क्षेत्र को बदमाश ने हत्या कर शव को फेंकने का सुरक्षित जोन बना लिया। अभी एक पखवाड़े पूर्व ही एक विवाहिता की ठीक इसी तरह गला दबाकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद महिला के शव को हाईवे किनारे बाजरा के खेत में फेंक गये थे। इस मृतक महिला के शव की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। हत्यारों ने ठीक उसी तरह अब युवक की हत्या कर शव को फिर इसी क्षेत्र में फेंककर गए।