थाने के बाहर प्रदर्शन करती महिलाएं
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
किशनी (मैनपुरी)। थाना क्षेत्र के गांव ऊंचा इस्लामाबाद में घनी बस्ती के बीच शराब ठेका खोले जाने के विरोध में शनिवार को ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया। ग्रामीण महिलाओं पुरुषों ने समाधान दिवस में एसडीएम से ठेका हटाने की मांग की। एसडीएम के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए।
थाना क्षेत्र के गांव ऊंचा इस्लामाबाद में शराब का ठेका गांव के बीच खोल दिया है। कई बार ग्रामीणों ने ठेकेदार से शराब न बेचने व ठेका हटाने की बात कही मगर ठेकेदार नहीं माना। शनिवार को सैकड़ों आक्रोशित महिलाएं पुरुष एकत्रित होकर थाने पहुंच गए। थाने का घेराव करने के साथ ही प्रदर्शन कर शराब ठेका हटाने की मांग की। थाने में समाधान दिवस में मौजूद एसडीएम रामचंद्र यादव को प्रार्थना- पत्र देकर कहा कि घनी बस्ती में खोला गया ठेका हर हाल में बंद कराया जाए।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव अलीपुर निवासी राना दुबे शराब की पेटियां लाकर रख दीं। वहां ठेका शुरू करा दिया। गांव में अब ठेका पर शराब बेची जा रही है। जिससे ग्रामीणों पर बुरा असर पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने एसडीएम से शराब ठेका बस्ती से 500 मीटर दूर खुलवाने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि वह किसी भी सूरत में बस्ती में ठेका नहीं चलने देंगे। कहा कि अगर सुनवाई नहीं हुई तो मंगलवार को वह तहसील दिवस में प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शन करने वालों में राजेश तिवारी, विश्राम सिंह, शोभित दीक्षित, ब्रजपाल सिंह, अनुराग दुबे, अनिल कुमार, राकेश कठेरिया शामिल थे।