एटा। मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए प्रशासन ने कासगंज रोड पर पीएसी बटालियन के पास 10 हेक्टेयर जमीन चिह्नित कर ली है। जमीन तय करने के बाद अब प्रशासन कॉलेज का प्रस्ताव बना कर शासन को भेजने की तैयारी में जुटा है। जिले में मेडिकल कॉलेज बनाने के लिए भाजपा सांसद राजवीर सिंह उर्फ राजू भैया दो साल से पहल कर रहे थे।
कासगंज और एटा में से किसी एक जिले में मेडिकल कॉलेज बनाने की पहल दो साल से चल रही है। पर, भूमि नहीं मिलने के कारण मेडिकल कॉलेज का प्रस्ताव अधर में लटका था। कासगंज जिले में भूमि नहीं मिलने के बाद एटा जिला प्रशासन कई महीने से जमीन की तलाश में जुटा था।
अब कासगंज रोड पर पीएसी बटालियन के पास 10 हेक्टेयर भूमि मिल गई है। भूमि की तलाश पूरी होने पर जिला प्रशासन के अफसरों ने राहत की संास ली है। मेडिकल कॉलेज बनने से एटा ही नहीं आसपास जिले के लाखों लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं, छात्रों को मेडिकल की पढ़ाई का बेहतर अवसर मिलेगा।
मेडिकल कॉलेज बनने से फायदे
1.छात्रों को मेडिकल की पढ़ाई के लिए दूसरी जिलों में नहीं जाना होगा।
2.मेडिकल कॉलेज बनने से आसपास इलाके की भूमि की दरें बढ़ेंगी।
3.भूमि अधिग्रहण से किसान मालामाल होंगे
4.बेहतर उपचार के लिए अलीगढ़ एवं आगरा जाने से निजात मिलेगी।
5.कासगंज रोड पर नई कालोनियां बसेंगी, बाजार का दायरा बढ़ेगा।
6.कालोनियों में किराएदार मेडिकल छात्रों के रहने से आय बढ़ेगी।
पीएसी बटालियन के पास दस हेक्टयर भूमि सदर तहसील के कानूनगो और लेखपाल ने चिह्नित कर ली है। जल्द ही मेडिकल कॉलेज का प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। इतना तय है कि मेडिकल कॉलेज एटा जिले में भी बनेगा।
अमित किशोर
डीएम एटा