डीएम ने चौपाल में सुनी समस्याएं
एटा। डीएम अमित किशोर ने अवागढ़ विकासखंड क्षेत्र के ग्राम नगला केसरी और सकीट ब्लॉक क्षेत्र के गांव सलेमपुर खेड़िया में चौपाल लगाकर जनता की समस्याएं सुनीं। इस मौके पर डीएम अमित किशोर ने कहा कि गांव का कायाकल्प किया जाए।
गांव नगला केसरी में डीएम को गांव के संपर्क मार्ग की स्थिति ठीक नहीं मिली। संपर्क मार्ग काफी टूटा था। जिस पर डीएम ने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि गांव के संपर्क मार्ग को तत्काल ठीक कराया जाए। गांव में 12 लाभार्थियाें को प्रधानमंत्री आवास, 23 लाभार्थियों के शौचालय बने थे, साथ ही 22 लाभार्थियों की प्रधानमंत्री आवास हेतु प्रस्तावित सूची तैयार की गई।
गांव में कोई भी प्राथमिक, जूनियर विद्यालय संचालित नहीं है। ग्रामीणों ने कहा कि गांव के पास पुलिया निर्माण होने पर बच्चों को गांव के समीप विद्यालय जाने में असुविधा नहीं होगी। इस पर डीएम ने सिंचाई विभाग को समस्या का निस्तारण करने के निर्देश दिए। डीएम ने ग्रामीणों से अपील की कि सरकार द्वारा विद्युत कनेक्शन रियायती दरों पर मिलने का लाभ उठाएं।
लेखपाल को निर्देश दिये कि सरकारी भूमि पर गांव में कब्जा नहीं होना चाहिए, यदि कहीं है तो उसे पुलिस की मदद लेकर तत्काल हटवाया जाए। डीएम द्वारा इस दौरान विद्यालय प्रांगण में वृक्षारोपण भी किया गया। इस अवसर पर डीएसओ, डीएचओ, डीडी कृषि, डीपीआरओ धनंजय जायसवाल, एबीएसए एसपी सिंह ने भी ग्रामीणों को विस्तार से जानकारी दी गई।
डीआईओएस एसपी यादव, पीओ नेडा सीएस सिंह, डीसी मनरेगा एमएन त्रिवेदी, जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, एडीओ, थाना प्रभारी, ग्राम विकास अधिकारी, लेखपाल सहित भारी संख्या में ग्रामीण आदि मौजूद थे।