फर्जी आधार और पैन कार्ड बनवाकर देश में अवैध रूप से रह रहे 18 बांग्लादेशियों को अदालत ने दोषी माना है। सीजेएम कोर्ट ने दोषियों को तीन-तीन साल कैद की सजा सुनाई।
विज्ञापन
इस मामले में थाना सिकंदरा के उपनिरीक्षक गौरव कटियार ने केस दर्ज कराया था। पांच फरवरी 2023 को पुलिस ने आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर-14 स्थित बस्ती में छापा मारा था। इसके बाद बांग्लादेशियों को गिरफ्तार किया था। उनके पास से फर्जी व कूटरचित 35 आधार कार्ड व एक पैन कार्ड बरामद किया था। थाना सिकंदरा पुलिस ने 28 बांग्लादेशियों के खिलाफ धोखाधड़ी एवं विदेशी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस ने 31 मार्च 2023 को आरोपपत्र न्यायालय में दाखिल किया था। अभियोजन की ओर से अहम साक्ष्य प्रस्तुत किए गए। अदालत ने हसन, जूली, सूमी, फातिमा बेगम, विश्ती, जुएल शेख, फारुख, रविउल शेख, बबलू खान, साबिर, ब्यूटी, रौशोनारा, बिलाल, हालिम, इस्लाम खान, मोबिना, मनीरुल शेख, जोशिना खातून को तीन-तीन साल की सजा सुनाई। अन्य 10 आरोपियों का मामला अभी न्यायालय में विचाराधीन है।