टैंटीगांव (मथुरा)। जिस युवक के सिर पर तीन दिन बाद सेहरा बंधना था, उसी के हाथ में शुक्रवार को हथकड़ी लग गई। चार दिन पूर्व गांव में हुए झगड़े में गंभीर रूप से घायल युवक की मौत के बाद दूल्हा बनने जा रहे युवक को नामजद कराया गया। सुरीर पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
सुरीर कोतवाली के गांव लक्ष्मणपुरा में 22 जनवरी को हुए झगड़े में शाहिद की मौत हो गई थी। शाहिद के भाई ने गांव के युवक गौरी उर्फ धीरज को नामजद कराया। धीरज की 29 जनवरी को अलीगढ़ के कस्बा बेसवां के गांव धरनीधर से शादी होनी है। शाहिद की हत्या में नामजद होने के चलते सुरीर पुलिस ने गौरी को शुक्रवार तड़के दबिश देकर घर से गिरफ्तार कर लिया।
इंस्पेक्टर सुरीर महेंद्र कुमार ने बताया कि गौरी को जेल भेज दिया है। गौरी के जेल जाने के चलते उसकी शादी की तैयारियां धरी रह गई हैं। गिरफ्तार करने पहुंची सुरीर पुलिस के सामने गौरी के परिवारीजन गिड़गिड़ाते रहे, लेकिन पुलिस ने एक न सुनी। इस मामले में सुरीर पुलिस ने नामजद दो अन्य लोगों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा है। इसमें रविकरन, भोला उर्फ मनोज शामिल हैं।