फिरोजाबाद। शासन-प्रशासन की सख्ती के बाद भी व्यापारी पॉलिथीन का मोह नहीं छोड़ पा रहे हैं। नगर निगम द्वारा गल्ला मंडी क्षेत्र में छापामार अभियान चलाया गया, जिससे कई दुकानों से प्रतिबंधित पॉलिथीन जब्त की गई।
सिटी मजिस्ट्रेट प्रियंका सिंह के निर्देशन में थाना दक्षिण कोतवाली क्षेत्र गल्ला मंडी में प्रतिबंधित पॉलिथीन के विक्रय, भंडारण, वितरण पर रोक लगाने का सघन छापामार अभियान चलाया गया। नगर निगम के अधिकारियों द्वारा गल्ला मंडी में एक-एक कर करीब दस दुकानों में जांच कराई गई।
छापेमारी के दौरान दुकानों में प्रतिबंधित पॉलिथीन, प्लास्टिक व थर्माकोल से बने सामान को जब्त किया गया। पॉलिथीन मिलने पर सिटी मजिस्ट्रेट कई दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी। अभियान के दौरान कुल 6.50 किग्रा. प्रतिबंधित पॉलिथीन जब्त की गई तथा दुकानदारों से 17 हजार का जुर्माना वसूला गया।
अभियान में जेडएसओ दलवीर सिंह, मुख्य स्वच्छता निरीक्षक संदीप भार्गव, स्वच्छता निरीक्षक राजकुमार लवानियां, अरविंद भारती, मनोज श्रीवास्तव, संजीव चौरसिया, जितेंद्र स्वरूप तिवारी, कर निरीक्षक अवनीश कुमार, जीतेश कुमार शामिल रहे।