मैनपुरी। राजकीय नवीन पौधशाला की नवनिर्मित बाउंड्रीवाल की गुणवत्ता ठीक न मिलने पर डीएम ने जांच कराने के निर्देश दिए हैं। कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल को नोटिस देने के साथ ही टीम गठित कर तकनीकी जांच कराने को कहा है। डीएम प्रदीप कुमार ने बुधवार को निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कार्यदायी संस्थायें निर्माण कार्यो में मानकों की अनदेखी न करें। जांच में कार्य अधोमानक पाए गए तो संबंधित कार्यदायी संस्था के साथ संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई होगी।
पौधशाला परिसर में बने भवनों की दुर्दशा, गंदगी, टूटे दरवाजों पर नाराजगी जाहिर की। बी टाइप के छह निर्माणाधीन पूल्ड आवासों का निरीक्षण करके समय से पूर्ण कराने को कहा। शिकोहाबाद भोगांव फोरलेन निर्माण कार्य का निरीक्षण करके जेल चौराहे पर बेहतर आवागमन हेतु गोल चक्र बनवाने के साथ ही अन्य व्यवस्थाएं करने, सुरक्षा के लिहाज से पुलिस के बैठने की व्यवस्था करने को कहा। वन, विद्युत, जल निगम, रेलवे, लोक निर्माण, सेतु निगम के अधिकारियों से कहा समन्वय स्थापित कर प्रगति सुधारें। कलेक्ट्रेट परिसर में डीएसओ कार्यालय के जीर्णोद्धार, सुदृढीकरण का भी निरीक्षण किया।