मथुरा। उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग की सदस्य रूमाना सिद्दीकी ने अयोध्या में राममंदिर निर्माण पर बड़ा बयान देते हुए कहा है कि मंदिर निर्माण होने पर वह खुद नींव की पहली ईंट रखने जाएंगी। उन्होंने कहा कि राममंदिर का मुद्दा निर्माण से ही खत्म हो सकता है। सरकार अब इस मामले का निस्तारण बिल के माध्यम से करे।
छाता तहसील के गांव सांचौली में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करने आईं अल्पसंख्यक आयोग की सदस्य रूमाना सिद्दीकी ने मथुरा में मीडिया से वार्ता के दौरान कहा कि श्रीराम मंदिर निर्माण पर कोर्ट या फिर बिल के माध्यम से अब फैसला होना चाहिए। अयोध्या में मंदिर निर्माण हो और जल्द हो। ऐसा होने पर वह खुद मुस्लिम प्रतिनिधि के तौर पर 500 मुस्लिम महिलाओं के साथ मंदिर की नींव में ईंट रखने जाएंगी।
उन्होंने कहा कि विपक्षी नेता हमेशा भाजपा को अल्पसंख्यक विरोधी करार देते हैं। अब इन नेताओं को अहसास हो रहा है कि भाजपा अल्पसंख्यकों के लिए भी समानता के आधार पर काम कर रही है। विपक्षी दल तो सिर्फ उनके वोट का उपयोग करते रहे हैं। मथुरा पहुंचने पर रूमाना सिद्दीकी का स्वागत किया गया। इस दौरान भाजपा नेता मो. रियाजुद्दीन, मो. शकील, अनिल बंसल, मो. शाकिर आदि मौजूद रहे।