कासगंज। जनपद के माध्यमिक विद्यालयों की लापरवाही कम होने का नाम नहीं ले रही है। नामावली जमा करने की समय सीमा बढ़ाने के बाद भी 44 विद्यालयों ने अपनी नामावली जमा नहीं की। इन विद्यालयों को मंगलवार का अंतिम मौका दिया जा रहा है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद के कक्षा 10 और 12 के 233 विद्यालयों एवं कक्षा 9 व 11 के 256 विद्यालयों के परीक्षार्थियों के आवेदन जमा किए गए। सभी आवेदन ऑनलाइन जमा किए गए। इन विद्यालयों के ऑनलाइन जमा होने वाले आवेदन की नामावली, कोष पत्र की रसीद सहित अन्य आवश्यक प्रपत्र जमा करने के लिए परिषद से तिथि निर्धारित की।
निर्धारित तिथि तक 147 विद्यालयों ने अपनी नामावली जमा नहीं की। परीक्षार्थियों के हितों के मद्देनजर परिषद ने तिथि बढ़ा दी। इन विद्यालयों के लिए 15 सितंबर तक नामावली जमा करने के निर्देश दिए गए, इसके बाद भी विद्यालयों को एक और मौका दिया गया, लेकिन विद्यालयों की लापरवाही कम नहीं हुई। अभी भी 44 विद्यालयों ने नामावली जमा नहीं की। डीआईओएस आरएसएस राजपूत ने कहा कि नामावली जमा न करने वाले विद्यालय मंगलवार को अपनी नामावली जमा कर दें अन्यथा सूचना परिषद को भेज दी जाएगी।