पटियाली (कासगंज)। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बुखार से मौत का सिलसिला लगातार बना हुआ है। बाढ़ प्रभावित ग्राम अलोखरा में एक बालिका की बुखार से मौत हो गई।
सपना (8) पुत्री हरीराम शाक्य निवासी अलोखरा को शनिवार को देर सांय तेज बुखार आया, लेकिन बाढ़ के चलते परिजन उसे चिकित्सक के पास नहीं ले जा सके। रविवार को परिजन उसे बाढ़ के पानी के बीच से होकर नरदोली पहुंचे। नरदोली का अस्पताल बंद मिला। इसके बाद परिजनों ने वहीं के निजी चिकित्सकों को दिखाया। निजी चिकित्सकों ने बालिका में दिमागी बुखार के लक्षण बताए और उसे तुरंत बाहर ले जाने की सलाह दी। परिजन जब उसे कासगंज लेकर आ रहे थे तभी रास्ते में बालिका की मौत हो गई। बालिका की मौत होते ही परिवार में कोहराम मच गया। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बुखार से दो दिन में यह तीसरी मौत है। सीएमओ डा. नरेद्र कुमार का कहना है कि विभाग लगातार अपनी टीमें भेज रहा है, लेकिन बाढ़ के चलते टीमों को भेजने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्राम अलोखरा में टीम भेजकर ग्रामीणों का परीक्षण कराया जाएगा जो भी पीड़ित होंगे उनका उपचार किया जाएगा।