सिढ़पुरा केनरा बैंक के गोल्ड लोन घोटाले के तीन खातों की पुन: जांच तीन सदस्यीय जांच टीम पुन: कराएगी। अब तक 109 खातों में नकली जेवर मिल चुके हैं। बैंक के अन्य ऋण खातों में भी घोटाला सामने आया है। जांच रिपोर्ट टीम के द्वारा अंतिम रूप से तैयार की जा रही है। शीघ्र ही इसे जिलाधिकारी आरपी सिंह को सौंपा जाएगा।
सिढ़पुरा केनरा बैंक के वैल्युअर राहुल देव एवं तत्कालीन बैंक प्रबंधक मनोज कुमार जेल में हैं। राहुल देव पर कस्बे के लोगों और किसानों को झांसे में लेकर गोल्ड लोन फर्जीवाड़ा किया गया। राहुल बैंक वैल्युअर की आड़ में यह धोखाधड़ी करता रहा। सिढ़पुरा थाने में इस मामले में एफआईआर भी दर्ज है। जिलाधिकारी ने जांच पड़ताल के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की थी। जिसमें सहावर के एसडीएम, ट्रेजरी ऑफिसर एवं लीड बैंक प्रबंधक को जांच टीम का सदस्य बनाया गया। इस जांच टीम ने सभी खातों की समरी तैयार करके जांच पड़ताल की है। एसडीएम कृपा शंकर ने तीन गोल्ड लोन खातों की पुन: जांच कराने के निर्र्देश दिए हैं। अब इन तीन खातों की पुन: जांच हो जाने के बाद ही जांच टीम अपनी रिपोर्ट पूरी करके जिलाधिकारी को सौंपेगी।
- गोल्ड लोन घोटाले की जांच का कार्य अंतिम चरण में है। तीन खातों की पुन: जांच हो जाने के बाद रिपोर्ट पूरी तैयार हो जाएगी। रिपोर्ट तैयार हो जाते ही जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी। कृपाशंकर, एसडीएम सहावर।