साध्वी प्राची प्रसाद लेते हुए।
- फोटो : अमर उजाला
वृंदावन (मथुरा)। विश्व हिंदू परिषद की फायर ब्रांड नेता साध्वी प्राची मंगलवार को ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर दर्शन करने पहुंची। इसके बाद पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में श्रावण में कांवर यात्रा का विशेष महत्व है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से यह मांग है कि कांवड़ियों के मान सम्मान में उत्तर प्रदेश की सभी मस्जिदों के लाउडस्पीकर को बंद करा दें।
राम मंदिर निर्माण को लेकर उन्होंने कहा कि संसार की कोई ताकत अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण को नहीं रोक सकती। हम कोर्ट के निर्णय का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि निर्णय हमारे पक्ष ही आएगा।
देश में नाबालिग बच्चियों के साथ होने वाले दुष्कर्म की घटनाओं पर उन्होंने कहा कि दोषी लोगों के लिए केवल फांसी की सजा का ही प्रावधान होना चाहिए। इसके लिए सांसदों को एक मत से इस कानून का समर्थन करना चाहिए। इस अवसर पर मंदिर सेवायत श्रीनाथ गोस्वामी ने उन्हें ठाकुरजी का प्रसाद भेंट किया।
राहुल गांधी का जल्द से जल्द विवाह करा दें
वृंदावन। साध्वी प्राची ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी कभी सदन में आंख मिचकाते हैं तो कभी कोई फोटो देखते पाए जाते हैं। मैं सोनिया गांधी और कांग्रेस के बड़े नेताओं से यह कहना चाहती हूं कि वह राहुल गांधी का जल्द से जल्द विवाह करा दें। उन्होंने कहा कि कांग्रेसियों राहुल गांधी के लिए बहू खोजकर लाओ।
हिंदू लड़कों से विवाह रचाएं मुस्लिम युवतियां
वृंदावन। एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि मुस्लिम महिलाएं तलाक एवं हलाला जैसी पीड़ा से बचने के लिए हिंदू युवाओं से शादी कर लें ताकि उन्हें इस परेशानी का सामना ना करना पड़े। वहीं, पाकिस्तान से व्यापारिक संबंध बनाए जाने की बात पर दो टूक कहा कि पाक से कोई संबंध नहीं होना चाहिए बल्कि एक बार आर पार की लड़ाई होनी चाहिए। वहीं, उन्होंने पाक समर्थक नारे लगाने वालों के खिलाफ देश द्रोह की कार्रवाई की मांग की।