फिरोजाबाद। पॉलिथीन के खिलाफ सोमवार को सिटी मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में छापामार अभियान चला तो दुकानदारों और ठेल वालों में खलबली मच गई। अभियान के दौरान कुछ दुकानों पर प्रतिबंधित पॉलिथीन मिलने पर चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
सिटी मजिस्ट्रेट प्रियंका सिंह के नेतृत्व में दोपहर में पॉलिथीन के खिलाफ अभियान चला। सिटी मजिस्ट्रेट ने सुभाष तिराहे से स्टेशनरी, जनरल मर्चेंट, चाय-पानी, नाश्ता, ढाबों में चेकिंग कराई। ेंअधिकांश दुकानों पर 50 माइक्रोन से अधिक या कागज की थैली मिली। कुछ दुकानों पर प्रतिबंधित पॉलिथीन जब्त की गई। सिटी मजिस्ट्रेट ने दुकानदारों को पॉलिथीन का प्रयोग नहीं करने को जागरूक करते हुए चेतावनी दी कि पॉलिथीन का प्रयोग बंद करें।
पकड़े जाने पर जुर्माना लगेगा। कई दुकानों पर पानी के पाउच मिलने पर बिक्री बंद करने के निर्देश दिए। सिटी मजिस्ट्रेट ने सुभाष तिराहा, आगरा गेट, नगर निगम मार्केट से गांधीपार्क तक अभियान चलाया। सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा है कि 50 माइक्रोन से कम पॉलिथीन के प्रयोग पर प्रतिबंध है। व्यापारी खुद पॉलिथीन का प्रयोग बंद करें। अन्यथा कार्रवाई होगी। अभियान में नगर निगम के सेनेटरी इंस्पेक्टर राजकुमार लवानियां और पुलिस फोर्स मौजूद रहा।