मैक्स चालक की धारदार हथियार के हमले से हत्या
- फोटो : अमर उजाला
एटा। दूध की डेयरी पर मैक्स चलाने वाले मैनपुरी के युवक की धारदार हथियार के हमले से हत्या कर दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में मृतक के पिता ने जमीन के विवाद में हत्या का आरोप लगाते हुए पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मैनपुरी थाना बिछवां के हरनागरपुर निवासी नरेंद्र यादव (25) पुत्र नेम सिंह गांव स्थित चिलर दूध की डेयरी पर खुद की मैक्स पिकअप चलाता है। सोमवार देर शाम वह मैक्स लेकर थाना मलावन क्षेत्र के गांव बिरामपुर में दूध लेने जा रहा था। तभी रास्ते में आरोपियों ने उस पर हमला बोल दिया और गाड़ी से नीचे उतारकर खेत में ले जाकर धारदार हथियार से हत्या कर दी। घटना की जानकारी पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में नरेंद्र के पिता नेम सिंह ने पड़ोसी गांव हरचंदपुर निवासी राजेश उर्फ छुटंकी, अजब सिंह, अवधेश, रूपेंद्र और विमलेश के खिलाफ थाना मलावन में दर्ज कराई है। पिता ने बताया कि आरोपियों से जमीन का विवाद कोर्ट में चल रहा है। थाना प्रभारी मलावन ने बताया कि तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम मैनपुरी रवाना हो चुकी है। पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि मृतक दो भाइयों में छोटा था। उसकी एक तीन साल की बेटी है।