मथुरा। गेहूं खरीद के लिए बनाई गई वेबसाइट के तीन दिन बंद रहने से खरीद केंद्र प्रभारियों और सचिव ने व्यापारियों काखूब गेहूं खरीद डाला। मामला खुलने पर अब इसकी जांच कराई जा रही है। जनपद में खोले गए गेहूं खरीद केंद्रों पर किसानों के बेचे गए गेहूं की ऑनलाइन फीडिंग करने को मंडलायुक्त ने ई उपार्जन नाम से एक साइट बनाई है। उसमें खरीदे गए गेहूं और किसान की खेती का पूरा विवरण फीड किया जा रहा था।
11, 12 व 13 मई को तकनीकी खराबी के चलते वेबसाइट नहीं चल सकी। इस पर किसानों का गेहूं मैनुअल तरीके से पर्ची काटकर खरीदा गया। इसमें खरीद केंद्र प्रभारियों और सचिवों ने व्यापारियों से सेटिंग कर तीन दिन गेहूं की खूब खरीदारी की और उसे फर्जी तौर पर किसानों के नाम दर्ज कर दिया।
अब मामला खुलने लगा है। शिकायत पर जांच बैठा दी गई है। जिला खाद्य विपणन अधिकारी राजेश्वर सिंह ने बताया कि तीन दिन वेबसाइट बंद रहने पर ऑनलाइन फीडिंग नहीं हो सकी। किसानों की शिकायतों पर जांच कराई जा रही है।