एटा। बारात में जा रहे युवक को गांव के ही लोगों ने रविवार रात घर में खींच लिया और लूटपाट के बाद कुल्हाड़ी से प्रहार कर हत्या कर दी। शव को छत पर डालकर हत्यारोपी फरार हो गए। मृतक के परिजनों ने नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना पिलुआ के गांव अढ़ापुर निवासी सुनील कुमार पुत्र रक्षपाल सिंह अपने तीन भाईयों के साथ दिल्ली में काम करता था। दो दिन पहले ही गांव के दोस्त अनिल की शादी में शामिल होने के लिए आया था। रविवार रात करीब 8 बजे बारात में शामिल होने के लिए घर से निकला था। आरोप है कि तभी गांव के ही राजू उर्फ टाइगर ने अपने भाई व बेटों के साथ मिलकर उसे घर में खींच लिया और सुनील के 30 हजार रुपये, सोने की अंगूठी व चेन तथा मोबाइल लूटने के बाद कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी।
मृतक के भाई नेत्रपाल ने बताया कि सुनील की हत्या करने के बाद हत्यारों ने लाश को छत पर डाल दिया। पुलिस ने बताया कि हत्या की रिपोर्ट राजू उर्फ टाइगर पुत्र सूबेदार सिंह, राहुल व मनोज पुत्रगण राजू व गुड्डो देवी पत्नी राजू के खिलाफ दर्ज कराई है। घटनास्थल का निरीक्षण एसएसपी अखिलेश कुमार चौरसिया ने भी किया।