आगरा। भारी भीड़भाड़ और प्रवेश की मारामारी के बीच ताजमहल पर स्टेप टिकट की ओर आगे बढ़ते हुए एएसआई कब्र और बाकी परिसर के लिए अलग-अलग टिकट जारी कर सकता है।
एएसआई महानिदेशक ऊषा शर्मा को संस्कृति मंत्रालय ने मंगलवार को होने वाली बैठक से ऐन पहले ताज के हालातों का जायजा लेने के लिए भेजा। ताज पर भीड़ प्रबंधन के लिए उन्होंने दो तरह की टिकट के प्रस्ताव का समर्थन किया, वहीं टिकटों की संख्या हर दिन ऑन लाइन और आफलाइन 30 हजार तक रखने पर भी सहमति बनी है, लेकिन इस पर अंतिम फैसला मंगलवार को होने वाली संस्कृति मंत्री की बैठक में किया जाएगा।
ताजमहल पर नए साल के पहले दिन भी भारी भीड़ रही। कब्र बंद करने और खोलने के आदेश के बाद संस्कृति मंत्रालय ने आनन फानन में एएसआई महानिदेशक ऊषा शर्मा को सोमवार को आगरा भेजा।
गतिमान एक्सप्रेस से मंत्रालय के अधिकारियों के साथ आईं एएसआई डीजी ने कमिश्नर के राममोहन राव, डीएम गौरव दयाल, आईजी राजा श्रीवास्तव, एसएसपी अमित पाठक, डीआईजी सीआईएसएफ अंजनेय कुमार सिंह, एएसआई अधीक्षण पुरातत्वविद डा. भुवन विक्रम के साथ ताजमहल का दौरा किया।
ताज दौरे में उन्होंने दक्षिणी गेट और मुख्य गुंबद का भी निरीक्षण किया। उन्होंने दक्षिणी गेट को जल्द बंद करने की जानकारी दी, लेकिन स्थानीय प्रशासन ने दक्षिणी गेट को बंद करने की जगह यहां सुरक्षा उपकरण बढ़ाने पर जोर दिया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि दक्षिणी गेट से सबसे ज्यादा राजस्व मिल सकता है और भीड़ प्रबंधन में भी यह कारगर साबित होगा। ताज के मुख्य गुंबद और कब्रों को उन्होनें खुले रखने के निर्देश दिए। भीड़ प्रबंधन के लिए स्टेप टिकटिंग और शिल्पग्राम में टिकट काउंटर शुरू करने पर जोर दिया।