मैनपुरी। निकाय चुनाव से पूर्व कुछ अराजक तत्वों ने सांप्रदायिक सौहार्द्र बिगाड़ने की कोशिश की है। एक व्हाट्स एप ग्रुप पर वायरल हुए एक पर्चे में भोगांव क्षेत्र में संप्रदाय विशेष के मतदाताओं से जातिगत वोट अपील की गई है। इस मामले में भाजपा की आईटी सेल ने चुनाव आयोग से शिकायत करने की बात कही है।
निकाय चुनाव को लेकर प्रशासन सतर्क है। इसके बाद भी कुछ अराजक तत्व माहौल बिगाड़ने में लगे हुए हैं। शनिवार को व्हाट्स एप के एक ग्रुप पर एक पर्चा वायरल हुआ है। जिसमें भोगांव से अध्यक्ष पद के लिए लड़ रहे निर्दलीय प्रत्याशी के लिए संप्रदाय विशेष के लोगों को एकजुट होकर वोट करने की अपील की गई है।
कहा है कि अगर प्रत्याशी नहीं जीता तो संप्रदाय के लोगों की स्थिति बदतर हो जाएगी। अगर प्रत्याशी को जीत दिलाई तो भोगांव में दबदबा कायम रह सकेगा।
वहीं किशनी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा आईटी सेल से जुडे़ बीनू चौहान ने बताया कि विवादित पर्चे के बारे में जानकारी मिली है। निश्चित तौर पर उसमें की गई अपील गलत है। जानकारी जुटाई जा रही है। इसकी शिकायत चुनाव आयोग से की जाएगी।
एसपी राजेश एस का कहना है कि अभी इस तरह का कोई भी मामला संज्ञान में नहीं है। जानकारी की जाएगी, यदि ऐसा कुछ है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।