राया (मथुरा)। राया में मंगलवार को सिंडिकेट बैंक से 72 हजार रुपये लेकर घर जा रही सास-बहू को काली पल्सर सवार बदमाशों ने बल्देव रोड पर लूट लिया। रुपये बचाने के लिए बहू बदमाशों से उलझ गई और थैला छीनने के प्रयास में वह सड़क पर गिर पड़ी। पुलिस ने बदमाशाें की तलाश की लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
बल्देव रोड लंकापुरी निवासी विजय अग्रवाल की पत्नी सीमा और मां कमलेश अग्रवाल ने मंगलवार की सुबह 11 बजे सादाबाद रोड पर स्थित सिंडिकेट बैंक से 72 हजार रुपये अपने खाते से निकाले थे। दोनों रुपये थैले में रख अपने घर वापस जा रही थीं। थैला सीमा ने पकड़ रखा था। करीब 12 बजे गणपति हास्पिटल के निकट पीछे से आए काली पल्सर पर सवार दो बदमाश उनका थैला छीनने लगे। सीमा ने बदमाशों से थैला छीनने का काफी प्रयास किया और इस प्रयास में वह जमीन पर गिर पड़ी। बदमाश थैला लूट कर बल्देव की तरफ भाग निकले।
दोनों ने घटना की सूचना थाना राया पुलिस को दी। इस पर प्रभारी रमेश चन्द्र शर्मा फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बैंक जाकर सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी तलाशे जिससे बदमाशों की शिनाख्त हो सके लेकिन कोई सफलता नहीं मिली है। क्षेत्राधिकारी महावन आलोक दुबे ने बताया कि बैंक के सीसीटीवी कैमरा के फुटेज के माध्यम से लूट की घटना को खोलने और बदमाशों का पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। पीड़ित महिलाओं ने पुलिस को तहरीर दे दी है।