वृंदावन (मथुरा)। 15 अगस्त और जन्माष्टमी एक ही दिन पड़ने से वृंदावन में होने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। वृंदावन को जाने वाले बड़े और चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर सोमवार देर शाम आठ बजे से बुधवार दोपहर 12 बजे तक रोक रहेगी।
कोतवाली प्रभारी डॉ. विनोद कुमार पायल के अनुसार पहले की तरह ही नेशनल हाईवे दो की ओर से वृंदावन आने वाले बड़े वाहन छटीकरा मार्ग पर मां वैष्णों देवी मंदिर के पास और छोटे चार पहिया वाहनों को रुक्मिणी बिहार पार्किंग पर रोका जाएगा। मथुरा से आने वाले बड़े और चार पहिया वाहनों को धौरेरा के पास हासानंद गोशाला की खाली भूमि पर एवं चार पहिया वाहनों को पागल बाबा के पास दारुक पार्किंग पर पार्क कराए जाएंगे। यमुना एक्सप्रेस वे की ओर से आने वाले बड़े वाहन पुल से पूर्व बांके बिहारी भोजनालय के पास और छोटे वाहन पुल पार करने के बाद बनी पार्किंग स्थल पर खड़े कराए जाएंगे।
आश्रम गेस्टहाउस में तैयारियां
कृष्ण जन्माष्टमी पर्व मनाने के लिए देश विदेश से श्रद्घालुओं के आने की संभावना को देखते हुए होटल, गेस्ट हाउस, धर्मशाला संचालकों ने भी अपनी अपनी तैयारियां शुरू कर दीं हैं। कई आश्रम और गेस्टहाउसों में पहले से ही बुकिंग भी हो चुकी है।
सुरक्षा को लेकर प्रशासन सक्रिय
ठा. बांकेबिहारी मंदिर की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सक्रिय हो गया है। शनिवार की सुबह बम निरोधक दस्ते ने ठा. बांकेबिहारी मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाया।