नगर समीपवर्ती गांव अहरौली की साहसी बेटी सीमा को मुख्यमंत्री सम्मानित करेंगे। सीमा ने रिश्ता तय होने के बाद ससुराल में शौचालय न होने पर शादी से इंकार कर दिया था। बेटी के इस फैसले को परिवार के लोगों ने भी स्वीकार कर लिया। अब इस बेटी को सम्मान मिलेगा, जिससे बेटी व उसके परिवार के लोग सभी खुश हैं।
अप्रैल 2015 में 23 अप्रैल को लग्र का कार्यक्रम होना था। जिसके लिए बेटी ने पहले ही शौचालय बनवाए जाने की बात रखी थी, लेकिन ससुरालीजनों ने शौचालय नहीं बनवाया, इसके बाद जानकारी होने पर बेटी ने शादी से इंकार कर दिया। गांव में पंचायत भी हुई, लेकिन बेटी शादी के लिए राजी नहीं हुई। बेटी के पिता छोटे लाल व अन्य परिवारीजन भी बेटी के फैसले के साथ हो गए। बेटी के साहस को लेकर अमर उजाला ने 25 अप्रैल 2015 में जागरूकता की खबर प्रकाशित की। जिससे शासन तक यह जानकारी पहुंची।
स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत इलाहाबाद में 12 अगस्त को गंगा ग्राम सम्मेलन एवं स्वच्छता सम्मेलन होगा। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी रथ का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम में स्वच्छाग्रहियों को सम्मानित करेंगे, जिन्होंने स्वच्छता के लिए जागरूकता दिखाई है। जिला प्रशासन ने सीमा का नाम सम्मानित होने वाले स्वच्छाग्रहियों के लिए भेजा है।
डीपीआरओ विश्वनाथ सिंह ने बताया कि सीमा ने बहुत जागरूकता का परिचय दिया। इसके लिए सीएम उसे 12 अगस्त को सम्मानित करेंगे।
क्या कहती है सीमा:
कासगंज ससुराल में शौचालय होने की मांग रखने वाली सीमा आज भी अपने फैसले पर खुश है। जब उसे मुख्यमंत्री हाथों सम्मान किए जाने की सूचना मिली तो वह काफी खुश हुई और उसके परिवारीजन भी काफी खुश हुए। उसने कहा कि घर में शौचालय होना जरूरी है। महिलाओं और बेटियों को घर के बाद खुले में शौच जाने से परेशानी होती है।