गंगा का बढ़ा जलस्तर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के लिए चिंता का विषय बन गया है। गुरु पूर्णिमा पर उमड़ने वाली भीड़ के लिए सुरक्षा के बेहतर प्रबंध किए जा रहे हैं। लहरा कछला गंगा घाट पर बल्लियां लगाकर स्नान का सुरक्षित घेरा तैयार कराया जा रहा है।
गौरतलब है कि गंगा में पिछले कई दिनों से लगातार जलस्तर में वृद्धि हो रही है। शुक्रवार को गंगा का जलस्तर 162.35 के निशान पर था। यह जलस्तर बढ़कर शनिवार को 162.40 पर पहुंच गया। गंगास्नान के दौरान जलस्तर में पांच से 10 सेंटीमीटर की जलस्तर में वृद्धि होने का अनुमान है। इसका प्रमुख कारण नरौरा बैराज से दूसरे दिन शनिवार को भी 20885 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज होना बताया है। डीएम आरपी सिंह एवं एसपी सुनील कुमार सिंह ने शनिवार को लहरा गंगाघाट पर स्वयं मौके पर जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम ने गंगा में न केवल बल्लियां लगवाईं अपितु हवा भरे ट्यूब बल्लियों पर लगाने के निर्देश दिए हैं। गोताखोरों को भी शिफ्ट के हिसाब से तैनाती दी गई है। तीन गोताखोर हर समय गंगाघाट पर तैनात रहेंगे। साथ ही गंगाघाट पर लाउडस्पीकर से श्रद्धालुओं को निरंतर चेतावनी दी जाएगी। नाव से पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं की निगरानी करेंगे। डीएम, एसपी ने निरीक्षण के बाद कोतवाली पुलिस, नगर पंचायत एवं स्वास्थ्य विभाग को व्यवस्थाओं के संबंध में दिशा निर्देश जारी किए। कछला गंगाघाट पर अब बदायूं के जिला प्रशासन ने भी बल्लियां लगवाकर सुरक्षित स्नान का घेरा तैयार किया है। स्नान पर्व को देखते हुए घाटों पर तरह तरह के खाद्य पदार्थों और प्रसाद आदि की दुकानें भी सज गईं हैं।
लहरा पर बनाया चिकित्सालय
कासगंज। जिलाधिकारी के निर्देश पर सीएमओ डा. रंगजी दुबे ने लहरा पर अस्थायी चिकित्सालय शुरू करा दिया है। यहां चिकित्सक कांवड़ियाें और गंगा स्नान के लिए पहुंचने वाले लोगों को परेशानी होने पर तत्काल चिकित्सा उपलब्ध कराएंगे। अस्थायी चिकित्सालय में स्वास्थ्य कर्मी भी तैनात किए गए हैं।