मथुरा। अब मलेरिया और डेंगू फैलाने वाले मच्छरों से सत्रह विभाग मिलकर जंग करेंगे। इसके लिए कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। लोगों को जागरूक किया जाएगा। नगर निगम कूड़े के निस्तारण, शहर में साफ-सफाई के साथ ही मच्छरों को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ दंड लगाएगा, तो मनोरंजन विभाग यह तय करेगा कि सिनेमा हाल में फिल्म चलने से पहले, रेडियो पर मच्छरों के प्रति लोगों को जागरूक करने का प्रचार प्रसार किया जाए।
शिक्षा विभाग के अफसरों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक स्कूल में एक शिक्षक को नामित करें, जो प्रार्थना के समय डेंगू और मलेरिया फैलाने वाले मच्छरों से बचाव, उसके खात्मे की जानकारी विद्यार्थियों को दें। जिला पंचायत राज विभाग गांव में साफ-सफाई अभियान चलाएगा, ग्राम्य स्वास्थ्य स्वच्छता समिति को सक्रिय कर गांव छिड़काव कराया जाए। सूचना विभाग लोगों को वैक्टीरिया जनित रोगों के प्रति जागरूक करेगा। बीएसएनएल केबिल डालते वक्त होने वाले गड्ढों को तत्काल भरेगा। शासन के प्रमुख सचिव प्रशांत त्रिवेदी के आदेश के बाद इस पर अमल करने की कवायद शुरू हो गई है।
ये विभाग करेंगे कार्य
जल संस्थान, नगर निगम, मलेरिया विभाग, शिक्षा, जिला पंचायत राज, सूचना विभाग, ग्राम्य विकास, समाज कल्यण, सिंचाई, कृषि, वन विभाग, रेलवे, मनोरंजन कर, महिला एवं बाल विकास, बीएसएनएल, विकास प्राधिकरण, ईएसआई
‘मच्छरों के लार्वा को मारने के लिए मलेरिया विभाग की टीम ने पहले ही अभियान चलाकर कार्य किया था। नए आदेशों से वैक्टीरिया जनित बीमारियों के नियंत्रण में और मदद मिलेगी।’
आरके सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी मथुरा।