शिकोहाबाद। सोती युवती की अश्लील वीडियो बना कर मोहल्ले के ही युवकों द्वारा ब्लैकमेलिंग करने का मामला प्रकाश में आया है। शनिवार को पीड़िता परिवारीजन के साथ थाने पहुंचकर तहरीर दी है।
मामला थाना क्षेत्र के एक कॉलोनी का है। यहां निवासी 18 वर्षीय युवती अपने कमरे में सो रही थी तभी मोहल्ले के ही दो युवक कमरे में आ गए और उन्होंने अश्लील वीडियो बना ली। वीडियो दिखा कर पहले युवती के साथ दुष्कर्म किया और फिर उससे रुपयों की मांग करने लगे। युवकों द्वारा रोज-रोज ब्लैकमेलिंग से तंग आकर युवती ने परिवारीजनों को बताया।
जानकारी होने पर परिवारीजनों ने युवकों को समझाने का प्रयास किया लेकिन युवक झगड़े पर उतारू हो गये। 19 जून को परिवारीजन युवती को लेकर थाने पहुंचे और तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी। आरोप है कि उक्त युवकों ने मामले में समझौता कराने के लिए युवती के भाई का अपहरण कर लिया। इतना ही नहीं उसको जान से मारने की धमकी दी, जिससे भयभीत युवती के परिवारीजनों ने समझौता कर लिया। इसके बाद दोनों युवक विशाल और नंदू ने दोबारा से युवती को ब्लैकमेलिंग तथा परेशान करना शुरू कर दिया।
युवकों की हरकतों से आजिज युवती अपने पिता के साथ शनिवार दोपहर थाना पहुंची और युवकों के खिलाफ तहरीर दी। थाना पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।