मैनपुरी। जिले के खड़सरिया बॉर्डर के पास बुधवार की सुबह किशनी पुलिस ने एक ट्रक की घेराबंदी की। इस दौरान ट्रक से कूद कर भाग रहे दो लोगों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान ट्रक से करीब 166 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पकड़े गए दोनों लोगों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है।
थाना पुलिस को बुधवार की सुबह सूचना मिली कि खड़सरिया बॉर्डर के पास मादक पदार्थ लेकर ट्रक कुछ देर में पहुंचने वाला है। ट्रक में तस्करी कर लाया गया गांजा लदा हुआ है। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने पुलिस बल के साथ बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। कुछ देर बाद ट्रक आता दिखाई दिया तो पुलिसकर्मियों ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देख ट्रक से दो लोग कूदकर भागने लगे। जिन्हें पुलिसकर्मियों ने पकड़ लिया।
कार्रवाई के संबंध में एसपी अशोक कुमार राय ने अपने कार्यालय पर प्रेसवार्ता में बताया कि ट्रक में तलाशी के दौरान करीब 166 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ है। बताया कि चार बोरियों में करीब 32 पैकेट भरे हुए थे। जिनमें गांजा भरा हुआ था। पूछताछ करने पर तस्करों ने अपने नाम सुधीर सिंह निवासी गांव उसरई थाना सैफई इटावा और उदयवीर सिंह निवासी गांव थानूमई थाना जसराना फिरोजाबाद बताया। दोनों ने खुद को चालक व खलासी बताया।
पकड़े गए लोगों ने बताया कि वह लोग गांजा उड़ीसा से लेकर आए थे। यहां अच्छे दामों में इसकी बिक्री करते। एसपी ने बताया कि बॉर्डर चेकिंग की सख्ती और मुखबिर तंत्र की सक्रियता के चलते सफलता हाथ लगी है।