मैनपुरी। रेलवे की नजरों में मैनपुरी बड़ा बाजार नहीं है। विभाग इसीलिए यहां ट्रेन सुविधाओं में विस्तार नहीं कर रहा है। शुक्रवार को जिले के रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण करने आए डीआरएम (मंडल रेल प्रबंधक) इलाहाबाद मंडल ने जिले के लोगों से अभी इंतजार करने को कहा।
डीआरएम इलाहाबाद मंडल अमिताभ गरुण निरीक्षण ट्रेन से शुक्रवार की दोपहर 12:20 बजे मैनपुरी पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। करीब डेढ़ घंटे तक डीआरएम ने रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया।
इस दौरान इटावा-मैनपुरी रेलवे ट्रैक का भी निरीक्षण किया। मैनपुरी पहुंचने से पहले उन्होंने कोसमा, टिंडौली, भोगांव, मोटा आदि स्टेशनों का निरीक्षण किया। मैनपुरी रेलवे स्टेशन पर मीडिया के सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि अभी मैनपुरी को कोई नई ट्रेन नहीं मिलने वाली है। उन्होंने कहा कि रेलवे ट्रैक की गति अभी 75 किलोमीटर प्रति घंटा ही हुई है। जब 110 किमी हो जाएगी तब यहां से लंबी दूरी की ट्रेनें निकाली जाएंगी। यहां से किसी भी ट्रेन को अभी शुरू किया जाना संभव नहीं है। जब मीडिया के लोगों ने मैनपुरी की अनदेखी की बात कही तो उनका कहना था कि विभाग की नजर में अभी मैनपुरी बड़ा बाजार नहीं है। यहां मात्र गुड्स ट्रेन के 13 फेरे होते हैं। मैनपुरी के हिसाब से यहां पर्याप्त व्यवस्थाएं हैं।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ सीनियर डीओएम मन्नू प्रकाश, सीनियर डीएसटी कॉर्डीनेशन नीरज यादव, सीनियर डीएसओ डीके गौतम, सीनियर डीईएन पीके शाक्य, सीनियर डीईएन अतुल गुप्ता, डीटीएम टूंडला समर्थ गुप्ता, सीनियर सेक्शन इंजीनियर सुनील यादव, स्टेशन अधीक्षक एसके सिंह, स्टेशन उप अधीक्षक सुनील यादव, स्टेशन मास्टर मनीष कुमार, अजय कुमार, उदयभान सिंह, नेमीचंद्र मीणा, विपिन कुमार, भूरे सिंह, ताराचंद्र, देवकरन मौजूद रहे।