कोसीकलां (मथुरा)। राजमार्ग पर स्थित बाईपास तिराहे पर कट बंद करने को लेकर कमला नगर कालोनी के लोगों ने शनिवार को थाने का घेराव कर दिया। घेराव होने के बाद पुलिस एवं राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारी बैकफुट पर आ गए। कालोनीवासी नारेबाजी करते हुए थाने में बैठ गए।
लोगों ने प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाए। सीओ ने लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया और बाईपास पहुंचकर बनाए गए डिवाइडर को दो जगह से तुड़वाकर रास्ता बनवाया। तब कहीं जाकर मामला शांत हुआ।
नगर में प्रवेश के लिए बाईपास तिराहे पर गुरुवार को राजमार्ग प्राधिकरण ने कट बंद कर दिया था। जिसको लेकर लोगों में आक्रोश फैल गया। तमाम लोग बाईपास पर जमा हुए। कट को खुलवाने की मांग करते हुए चेयरमैन नरेंद्र कुमार के साथ सैकड़ों महिला, पुरुष, बच्चे नारेबाजी करते हुए थाने पहुंचे। चेयरमैन ने कहा कि नगरवासियों की समस्या के समाधान के लिए हर संभव कदम उठाएंगे।
वहां प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। लोगों के बढ़ते हंगामे को देखते हुए सीओ पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। जिसके बाद सीओ चेयरमैन नरेंद्र कुमार के साथ बाईपास तिराहे पर पहुंचे। जहां उन्होंने जेसीबी से कट को तुड़वाकर वहां दो छोटे कट बनवाकर मामला शांत कराया।
डग्गेमार वाहन बने जाम में रोड़ा
कोसीकलां। पुलिस डिवाइडर को बंद कर जाम से मुक्ति दिलाने का दावा तो कर रही थी। भगवत शर्मा, दामोदर अग्रवाल ने कहा कि बाईपास तिराहे पर डग्गेमार वाहन, टैंपो, बस, पिकअप हर समय जाम लगाने में सहायक बन रहे हैं, उन्हें पुलिस ने हटवाने की कभी नहीं सोचा।
कट खुलवाने को सांसद से मिले भाजपाई
कोसीकलां। हाईवे बाईपास कट को लेकर भाजपाइयों ने तरुण सेठ के नेतृत्व में सांसद हेमामालिनी से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपकर कट खुलवाने की मांग की है। तरुण सेठ ने कहा कि नगर प्रमुख प्रवेश मार्ग है। लेकिन राजमार्ग प्राधिकरण ने बाईपास एवं शालीमार रोड तिराहे का कट बंद कर दिए हैं। जबकि वहां अंडरपास भी नहीं बनाया है। उन्होंने कट को सर्विस लाइन के निर्माण होने तक डिवाइडर खुलवाए जाने की मांग की है।