एटा। जिला पंचायत के खाते से फर्जी तरीके से 20 लाख रुपये निकाले जाने का मामला सामने आया है। दरअसल, गुरुवार को जिला पंचायत के लेखाकार रमेश चंद्र गुप्ता किसी काम के सिलसिले में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया पहुंचे।
इस दौरान बैंक मैनेजर ने उन्हें जिला पंचायत के खाते से चेक जरिए 20 लाख रुपये निकाले जाने का आवेदन किए जाने की जानकारी दी। जानकारी मिलते ही लेखाकार के होश उड़ गए। उन्होंने जानकारी की तो पता चला कि जिला पंचायत की चेक बुक से पिछले दिनों एक चेक गायब हो गया था।
जिसे अज्ञात व्यक्ति ने 20 लाख रुपये भरकर आहरण के लिए बैंक में लगा दिया। मामले की जानकारी होने के बाद जिला पंचायत में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने एक युवक को पूछताछ के लिए उठाया, लेकिन उसे बाद में छोड़ दिया गया। मामले में लेखाकार रमेश चंद्र गुप्ता ने कोतवाली में अज्ञात युवक के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं बैंक में चेक लगाने वाले युवक की जांच पड़ताल की जा रही है।