मैनपुरी। राहुल अपनी बचकानी हरकतों के लिए मशहूर हैं। समय-समय पर वे बचकानी बयानबाजी करते रहते हैं। इससे भाजपा या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की सेहत पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है। उत्तर प्रदेश में सपा सरकार में गुंडों का राज रहा है, लेकिन अब गुंडे सलाखों के पीछे जा रहे हैं।
ये बातें कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्या ने पत्रकारों से वार्ता के दौरान कहीं। वह मैनपुरी में एक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। पत्रकार वार्ता के दौरान वे राहुल गांधी पर हमलावर रहे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी में अब भी बचपना है, वे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के काबिल नहीं हैं।
कांग्रेस के लिए वास्तव में ये चिंता की बात है। जहां तक बात प्रधानमंत्री मोदी जी की है तो उनके द्वारा कराए गए विकास कार्यों का लोहा पूरी दुनिया मानती है। राफेल विमान सौदे पर राहुल गांधी द्वारा दिए गए बयान पर जब उनसे सवाल किया गया तो वह बोले कि मोदी जी राहुल की तरह पागल नहीं है।
जब भी खुली बहस की आवश्यकता होगी तो संसद बनी हुई है, लेकिन राहुल गांधी वहां भी आंख मारने की घिनौनी हरकत करते हैं तो कभी मोदी जी की गोदी में बैठ जाते हैं। इसलिए उनके बयानों का कोई मतलब नहीं है।
कानून व्यवस्था के सवाल पर उन्होंने प्रदेश में कानून का राज बताया। कहा सपा सरकार में पांच साल गुंडाराज रहा है। गुंडे मंत्रियों के साथ मंच साझा करते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं है। 24 घंटे के भीतर भाजपा सरकार गुंडों को सलाखों के पीछे भेज रही है।
राम मंदिर निर्माण के सवाल पर कैबिनेट मंत्री अपना बचाव करते नजर आए। कहा कि मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है, जो भी कोर्ट का निर्णय होगा हम उसका सम्मान करेंगे।