औंछा (मैनपुरी)। गांव नगला दुर्जन के पास अवैध खनन की सूचना पर पहुंचे औंछा थाने की मोहकमपुर चौकी के सिपाहियों पर खनन माफिया ने हमला बोल दिया। गोली लगने से एक सिपाही घायल हो गया, जबकि दूसरा बाल-बाल बचा।
प्राथमिक उपचार के बाद सिपाही को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जसराना रोड स्थित मोहकमपुर चौकी पर तैनात सिपाही ओमपाल चौधरी और प्रदीप कुमार शुक्रवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे मिट्टी खनन की सूचना पर नगला दुर्जन के पास पहुंचे।
यहां उन्हें जेसीबी से खनन होता मिला। सिपाहियों ने जेसीबी चालक को रोकने का प्रयास किया, तो वह भागने लगा। सिपाहियों को पीछे आता देख जेसीबी चालक भुवनेश उर्फ भोला ने गोली चला दी। गोली सिपाही ओमपाल के माथे से रगड़ती हुई निकली। साथ ही बाइकों से आए जेसीबी चालक के साथियों ने उन्हें धमकी दी।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने सिपाही को जसराना के निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिलवाया। सिपाही की हालत खतरे से बाहर है। हमले की सूचना पर एसपी अजय शंकर राय, एएसपी ओमप्रकाश सिंह, सीओ कुरावली सुरेश बाबू, एसओ औंछा लालता प्रसाद, घिरोर, एलाऊ, कुरावली, सदर कोतवाली, बिछवां का पुलिसबल मौके पर पहुंचा। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी को ताबड़तोड़ दबिश दे रही है।
घायल सिपाही ओमपाल चौधरी की तहरीर पर थाना पुलिस ने जेसीबी चालक भुवनेश उर्फ भोला निवासी जसराना (फिरोजाबाद) के अलावा उसके साथी लालू चौहान निवासी नगला जांख, तेजप्रताप सिंह निवासी झपारा, जसराना, रिंकू यादव निवासी नगला सुजान जसराना, रिजवान निवासी पाढ़म थाना जसराना के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
अवैध खनन की सूचना पर पहुंचे सिपाही ओमपाल को गोली मारने की घटना के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई। एएसपी ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी भुवनेश उर्फ भोला को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य की तलाश जारी है। उन्होंने बताया कि नामजद किए गए आरोपियों के अलावा जिन छह लोगों को हिरासत में लिया गया है उनसे पूछताछ की जा रही है।
मामला गंभीर है, पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सिपाही की हालत खतरे से बाहर है।
-अजय शंकर राय, एसपी।