एटा। बोर्ड परीक्षा केंद्र व्यवस्थाओं के स्थलीय सत्यापन में गड़बड़ी मिली हैं। दर्जनों स्कूलों ने व्यवस्थाओं के गलत तथ्य दिए हैं। वहीं निकटवर्ती स्कूल सूची में भी विभाग को गुमराह किया है। डीआईओएस ने सत्यापन आख्या के आधार पर ऑनलाइन सूचना विभाग को प्रेषित कर दी है।
कुछ संस्थाओं पर गलत ई-सूचनाएं देने का आरोप है। पोर्टल पर दी गई सूचनाओं में संचालकों ने अधिक कमरे, बाउंड्रीवाल, फर्नीचर, सीसीटीवी एवं व्याइस रिकार्डर के झूठे आंकड़े दिए हैं। वहीं गलत दूरी दर्शाकर निकटवर्ती स्कूलों की सूची में भी हेराफेरी की है। स्थलीय सत्यापन एवं गूगल सर्च से खुली पोल के बाद डीआईओएस ने पोर्टल पर स्कूलवार सत्यापित ब्योरा संयुक्त शिक्षा निदेशक को भेज दिया है।
संचालक अपनी आपत्तियां दो दिनों में संयुक्त शिक्षा निदेशक के यहां प्रस्तुत कर सकते हैं। बता दें कि पोर्टल पर दी गई सूचनाओं के आधार पर ही माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा परीक्षा केंद्रों का ऑनलाइन निर्धारण किया जाता है। परीक्षा केंद्र बनवाने के लिए स्कूल संचालक गलत सूचनाएं देकर विभाग को गुमराह करने की साजिश करते हैं।
ऐसे की मनमानी
कुछ संस्थाओं ने एक ही परिसर में संचालित डिग्री कालेज, प्राइमरी आदि के कक्षों को इंटर कक्षाओं का दर्शाया है। वहीं फर्नीचर को अधिक, बिना सीसीटीवी-व्याइस रिकार्डर के बाद भी लगा दिखा दिया है। मनपसंद स्कूलों को नजदीक दर्शाया है। जबकि नकल न कराने वाले राजकीय-एडेड को के नाम ही नहीं लिखे हैं।
स्कूलों ने ई-सूचनाओं में हेराफेरी की है। सत्यापन आख्या के आधार पर संशोधन कर जेडी कार्यालय को भेज दिया गया है। शुक्रवार तक आपत्ति न मिलने पर सूची परीक्षा केंद्र निर्धारण के लिए शासन को भेज दिया जाएगा।
-एनडी वर्मा, डीआईओएस